विद्याताई भांडेकरने आयुक्त से की हस्तक्षेप की अपील
अनंतकुमार गवई द्वारा
नवी मुंबई : नेरुल सेक्टर-4 स्थित महानगरपालिका के नेताजी सुभाषचंद्र बोस उद्यान में बच्चों के खेल उपकरण तथा ओपन जिम के व्यायाम उपकरण लंबे समय से टूटे हुए हैं। इससे स्थानीय नागरिकों, वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नवी मुंबई जिला कांग्रेस की सचिव श्रीमती विद्याताई भांडेकर ने इस गंभीर समस्या को लेकर नवी मुंबई महानगरपालिका के आयुक्त डॉ. कैलास शिंदे को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि सिडको कॉलोनी स्थित महानगरपालिका स्कूल के सामने बने इस उद्यान में प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिक सुबह-शाम सैर और व्यायाम के लिए आते हैं। वहीं, आसपास के बच्चे भी यहां खेलने पहुंचते हैं। लेकिन ओपन जिम के अधिकांश उपकरण खराब और अनुपयोगी हो चुके हैं, जबकि बच्चों के झूले एवं अन्य खेल सामग्री भी टूटी हुई अवस्था में पड़ी है। इससे उद्यान का उपयोग करने वाले लोगों को निराशा का सामना करना पड़ रहा है।
विद्याताई भांडेकर ने आरोप लगाया कि इस समस्या को लेकर कई बार महानगरपालिका प्रशासन को लिखित रूप से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक व्यायाम करने से वंचित हैं और बच्चों के लिए भी सुरक्षित खेल सुविधा उपलब्ध नहीं है। यह स्थिति महानगरपालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है।
उन्होंने आयुक्त से आग्रह किया है कि वे स्वयं उद्यान का निरीक्षण करें और संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर टूटे हुए खेल उपकरणों तथा ओपन जिम की मशीनों की तत्काल मरम्मत कराई जाए। यदि मरम्मत संभव न हो तो उनकी जगह नए उपकरण लगाए जाएं, ताकि स्थानीय नागरिकों और बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
भांडेकर ने कहा कि सार्वजनिक उद्यान नागरिकों के स्वास्थ्य और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे में उनकी नियमित देखरेख और रखरखाव सुनिश्चित करना महानगरपालिका की जिम्मेदारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगा।


