१८९ विसर्जन स्थलों पर व्यवस्था
१५६ कृत्रिम तालाबों में ६ फीट तक की मूर्तियों के विसर्जन की अपील
श्रीकांत पिंगळे : Navimumbailive.com@gmail.com
नवी मुंबई : अनंत चतुर्दशी के अवसर पर गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए नवी मुंबई महानगरपालिका ने व्यापक और सुव्यवस्थित तैयारियां पूरी कर ली हैं। २५ सितंबर को बड़ी संख्या में होने वाले विसर्जन को देखते हुए सभी विसर्जन स्थलों पर मनपा अधिकारी, कर्मचारी, स्वच्छताकर्मी, स्वयंसेवक, लाइफगार्ड और अग्निशमन दल तैनात रहेंगे।
नवी मुंबई मनपा क्षेत्र में ११ प्राकृतिक और १५६ कृत्रिम सहित कुल १८९ विसर्जन स्थल तैयार किए गए हैं। उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार ६ फीट तक की गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन नजदीकी कृत्रिम तालाब में ही करने की अपील मनपा ने नागरिकों से की है।
सुरक्षा पर विशेष जोर
सभी प्रमुख विसर्जन स्थलों पर सीसीटीवी, बैरिकेडिंग, बिजली और जनरेटर की वैकल्पिक व्यवस्था, पीने का पानी तथा प्राथमिक चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। बड़े आकार की मूर्तियों के लिए आवश्यक स्थानों पर फोर्कलिफ्ट, क्रेन और मध्यम-बड़े तराफों की व्यवस्था की गई है। कोपरखैरणे सेक्टर-१९ के धारण तालाब पर अत्याधुनिक यांत्रिक तराफा भी उपलब्ध कराया गया है।
विसर्जन स्थलों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की तैनाती के साथ प्राकृतिक विसर्जन स्थलों पर बड़ी संख्या में लाइफगार्ड और स्वयंसेवक तैनात रहेंगे।
अब तक ३४ हजार से अधिक मूर्तियों का विसर्जन
गणेशोत्सव के दौरान डेढ़, पांच, छह और सात दिन के विसर्जन में अब तक ३४,४६२ गणेश प्रतिमाओं और २,२३० गौरी प्रतिमाओं का शांतिपूर्ण ढंग से विसर्जन किया जा चुका है।
मनपा ने नागरिकों से फूल, माला, दूर्वा और शमी जैसे गीले निर्माल्य को अलग निर्माल्य कलश में तथा सूखे निर्माल्य को अलग कलश में डालने की अपील की है। इसके लिए अलग वाहनों की व्यवस्था की गई है और निर्माल्य को तुर्भे परियोजना स्थल पर ले जाकर प्रक्रिया की जा रही है।
वाशी में विशेष व्यवस्था
वाशी के छत्रपति शिवाजी महाराज चौक पर विसर्जन समारोह देखने के लिए हर साल होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए मनपा और पुलिस की ओर से विशेष व्यवस्था की गई है। यहां बनाए जा रहे मंच से विसर्जन के लिए जाने वाली गणेश प्रतिमाओं पर पुष्पवर्षा की जाएगी।
मनपा आयुक्त डॉ. कैलास शिंदे ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रशासन का सहयोग करें और ६ फीट तक की प्रतिमाओं का नजदीकी कृत्रिम तालाब में विसर्जन कर नवी मुंबई की पर्यावरणपूरक शहर की पहचान को मजबूत करें।